डीआरआई ने मुंबई हवाई अड्डे पर 79 करोड़ रुपये मूल्य की कोकीन जब्त की, दो महिला यात्री गिरफ्तार

राजस्व आसूचना निदेशालय (डीआरआई) ने शुक्रवार को मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर दो महिला यात्रियों से 79.5 करोड़ रुपये मूल्य की लगभग आठ किलोग्राम कोकीन बरामद की। अधिकारियों ने बताया कि यह प्रतिबंधित सामग्री उनके बैग के अंदर खिलौनों के पैकेट में छिपाई गई थी।

उन्होंने बताया कि यह कार्रवाई कोकीन की तस्करी के प्रयासों के बारे में विशेष जानकारी के आधार पर की गई।

एक अधिकारी ने बताया कि डीआरआई की मुंबई क्षेत्रीय इकाई ने बैंकॉक से यहां छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पहुंची दो महिलाओं को रोका।

उन्होंने बताया कि उनके सामान की तलाशी के दौरान अधिकारियों ने खिलौनों के पैकेटों के अंदर छिपाए गए सफेद पाउडर जैसे पदार्थ के 22 ईंटनुमा पैकेट बरामद किए।

उनके अनुसार, मादक दवाओं और मन:प्रभावी पदार्थों (एनडीपीएस) का पता लगाने वाली किट की मदद से प्रतिबंधित सामग्री का परीक्षण करने के बाद, यह पुष्टि हुई कि यह कोकीन है, जिसका वजन 7.95 किलोग्राम है।

अधिकारी ने बताया कि डीआरआई अधिकारियों ने प्रतिबंधित सामान जब्त कर लिया और दोनों यात्रियों को गिरफ्तार कर लिया गया। उन्होंने बताया कि आरोपियों को अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

उन्होंने कहा कि मामले की जांच चल रही है।