इंडिगो की सैकड़ों उड़ानें रद्द संकट गहराया

भारत की सबसे बड़ी एयरलाइन इंडिगो गंभीर अव्यवस्था से जूझ रही है। तीन दिनों में लगभग 400 उड़ानें रद्द होने से दिल्ली, मुंबई, हैदराबाद और बेंगलुरु एयरपोर्ट पर अफरा-तफरी मची है। हजारों यात्री 10 से 12 घंटे तक फंसे हुए हैं।

गुरुवार को केवल दिल्ली से 30 उड़ानें रद्द हुईं जबकि हैदराबाद में 33 और बेंगलुरु में 73 फ्लाइटें कैंसल करनी पड़ीं। कई एयरपोर्ट पर स्थिति इतनी खराब हो गई कि यात्रियों को कोई स्पष्ट जानकारी भी नहीं मिल पा रही है।

बुधवार को भी दोपहर तक देशभर में लगभग 200 उड़ानें रद्द करनी पड़ीं और गुरुवार को यह संख्या 170 के पार चली गई। कई यात्री लगातार इंतजार में अपना पूरा दिन एयरपोर्ट पर गुजार रहे हैं।

सूत्रों के अनुसार 2 दिसंबर को इंडिगो की सिर्फ 35% उड़ानें समय पर थीं जबकि 3 दिसंबर को यह संख्या घटकर 20% रह गई। एयरलाइन प्रतिदिन 2200 से अधिक उड़ानें संचालित करती है, ऐसे में रद्दीकरण का असर व्यापक दिखाई दे रहा है।

इंडिगो ने बयान जारी कर देरी और रद्द उड़ानों के लिए अपने यात्रियों से माफी मांगी। कंपनी ने छोटी तकनीकी दिक्कतें, मौसम, भारी एयर ट्रैफिक और बदला हुआ विंटर शेड्यूल जैसी वजहें बताईं।

सबसे बड़ी चुनौती नए FDTL नियमों के बाद क्रू और पायलट की कमी बताई जा रही है। इन नियमों के चलते पायलटों के कार्यघंटे सीमित हो गए, जिससे रोस्टरिंग मुश्किल हो गई है और उड़ानों पर सीधा असर पड़ा है।

एयरपोर्ट अधिकारियों के अनुसार स्थिति अभी भी सामान्य नहीं हुई है और संचालन में गंभीर बाधाएं जारी हैं।