मुंबई: मुंबई हवाई अड्डे पर उस समय हड़कंप मच गया, जब विस्तारा की एक उड़ान में एयर सिकनेस बैग पर हस्तलिखित बम धमकी का नोट मिला। इस गंभीर स्थिति के चलते हवाई अड्डे पर पूर्ण आपातकाल की घोषणा कर दी गई।
सूत्रों के अनुसार, धमकी वाली विस्तारा फ्लाइट पेरिस चार्ल्स डी गॉल हवाई अड्डे से उड़ान भरकर मुंबई आ रही थी। फ्लाइट क्रू ने सुबह 10:08 बजे खतरे की सूचना दी। विमान में 294 यात्री और 12 क्रू सदस्य सवार थे, और इसे सुबह 10:19 बजे मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर सुरक्षित उतारा गया।
विस्तारा एयरलाइंस के प्रवक्ता ने इस घटना की पुष्टि करते हुए बताया, “2 जून 2024 को पेरिस से मुंबई आने वाली विस्तारा उड़ान यूके 024 में हमारे कर्मचारियों ने एक सुरक्षा चिंता देखी है। प्रोटोकॉल का पालन करते हुए, हमने तुरंत संबंधित अधिकारियों को सूचित किया। उड़ान मुंबई हवाई अड्डे पर उतरी है और हम सभी अनिवार्य जांच के लिए सुरक्षा एजेंसियों के साथ पूरा सहयोग कर रहे हैं।”
धमकी की जांच में सुरक्षा एजेंसियां जुटी हुई हैं। गौरतलब है कि इस घटना से एक दिन पहले, वाराणसी से नई दिल्ली जाने वाली इंडिगो की उड़ान को भी इसी तरह की धमकी मिली थी, जिसे बाद में अफवाह घोषित किया गया था।
दिल्ली पुलिस के एक अधिकारी के मुताबिक, एक महिला कॉलर ने एयरपोर्ट सुरक्षा को सूचना दी थी कि इंडिगो फ्लाइट से यात्रा कर रहे उनके पति अपने हैंडबैग में बम ले जा रहे हैं। जांच के दौरान मेरठ निवासी 42 वर्षीय विमल कुमार ने बताया कि उनकी पत्नी मानसिक रूप से अस्वस्थ हैं और कुछ दिन पहले एक विमान में बम की धमकी की खबर देखने के बाद उन्होंने यह फोन किया था।
पुलिस ने कहा कि महिला के दावों का सत्यापन किया जा रहा है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।