आम आदमी पार्टी ने दिल्ली को नर्क बना दिया: योगी आदित्यनाथ

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी (आप) पर निशाना साधा और कहा कि यह ऊपर से नीचे तक भ्रष्टाचार में डूबी हुई है। साथ ही उन्होंने उस पर दिल्ली को ‘नर्क’ बनाने का भी आरोप लगाया।

पूर्वी दिल्ली से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के उम्मीदवार हर्ष मल्होत्रा के समर्थन में एक जनसभा को संबोधित करते हुए आदित्यनाथ ने कहा कि विपक्षी दलों का समूह ‘इंडिया’ विकास के लिए नहीं, बल्कि भ्रष्टाचार के लिए बनाया गया गठबंधन है।

उन्होंने जनता से देश के विकास में बाधाएं उत्पन्न करने वालों को बेनकाब करने की अपील की।

योगी ने मयूर विहार फेज-तीन में चुनावी सभा में कहा, ‘‘आम आदमी पार्टी के बारे में याद रखना। इनका दोहरा चरित्र है। इन्होंने अन्ना हजारे के नेतृत्व में कांग्रेस के खिलाफ आंदोलन किया। आप पहली पार्टी है जिसका नाम भ्रष्टाचार के आरोपपत्र में आरोपी के तौर पर दर्ज किया गया है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘ऊपर से नीचे तक, यह भ्रष्टाचार में डूबी हुई है। हमें इन्हें ताकतवर नहीं बनने देना है। अगर आप इन्हें वोट देंगे तो वे रक्तबीज (राक्षस) की तरह फैल जाएंगे।’’

योगी ने कहा, ‘‘हमें उन लोगों को बेनकाब करना है जो देश के विकास में बाधा पैदा करते हैं। लोकतंत्र ने आपको ताकत दी है। मैं आपसे अपील करता हूं कि यह देश आपका है। यह आपका विश्वास है, आप वोट करें।’’

मल्होत्रा का मुकाबला ‘आप’ के कुलदीप कुमार से है। आप और कांग्रेस में गठबंधन के तहत दिल्ली की चार लोकसभा सीट पर आप और तीन सीट पर कांग्रेस चुनाव लड़ रही है।

Share This:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *