एलन मस्क दुनिया के पहले ट्रिलियनेयर बनने की ओर तेज कदम

टेस्ला और स्पेसएक्स के सीईओ एलन मस्क दुनिया के पहले ट्रिलियनेयर बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहे हैं।
रिपोर्ट्स के अनुसार, मस्क के हालिया कारोबारी फैसले उन्हें यह मुकाम जल्द दिला सकते हैं।

जानकारी के मुताबिक, मस्क की अंतरिक्ष कंपनी स्पेसएक्स 800 अरब डॉलर की वैल्यू पर टेंडर ऑफर लाने की तैयारी में है।
इससे एलन मस्क की कुल संपत्ति में बड़ा उछाल आने की संभावना जताई जा रही है।

अनुमान है कि इस टेंडर ऑफर के बाद मस्क की नेटवर्थ 168 अरब डॉलर बढ़कर 677 अरब डॉलर तक पहुंच सकती है।
फोर्ब्स के अनुसार, मस्क दुनिया के पहले ऐसे व्यक्ति बन चुके हैं, जिनकी संपत्ति 600 अरब डॉलर से अधिक हो गई है।

रिपोर्ट्स में यह भी बताया गया है कि स्पेसएक्स अगले साल 1.5 ट्रिलियन डॉलर की वैल्यूएशन पर आईपीओ लाने की तैयारी कर रही है। अगर ऐसा होता है तो मस्क की संपत्ति में और अधिक बढ़ोतरी देखने को मिल सकती है।

एलन मस्क के पास इलेक्ट्रिक कार कंपनी टेस्ला में लगभग 12 प्रतिशत हिस्सेदारी है।
इस हिस्सेदारी की कुल वैल्यू करीब 197 अरब डॉलर आंकी गई है, जिसमें स्टॉक ऑप्शन शामिल नहीं हैं।

इसके अलावा मस्क की आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस कंपनी एक्सएआई होल्डिंग्स भी तेजी से आगे बढ़ रही है।
यह कंपनी 230 अरब डॉलर की वैल्यूएशन पर नई फंडिंग जुटाने की तैयारी में है।

एक्सएआई में एलन मस्क की हिस्सेदारी करीब 53 प्रतिशत बताई जा रही है। इस हिस्सेदारी की अनुमानित वैल्यू करीब 60 अरब डॉलर है।

एलन मस्क सितंबर 2021 में 200 अरब डॉलर की संपत्ति पार करने वाले तीसरे व्यक्ति बने थे।
नवंबर 2021 में उनकी संपत्ति 300 अरब डॉलर तक पहुंच गई थी।

दिसंबर 2024 में मस्क की कुल संपत्ति 400 अरब डॉलर के स्तर को पार कर गई। इसके बाद अक्टूबर में यह आंकड़ा 500 अरब डॉलर तक पहुंच गया था।

हाल ही में मस्क ने उन खबरों का खंडन किया था, जिनमें कहा गया था कि स्पेसएक्स 800 अरब डॉलर की फंडिंग जुटा रही है।
उन्होंने नासा द्वारा स्पेसएक्स को सब्सिडी दिए जाने की बात को भी गलत बताया था।

फोर्ब्स के मुताबिक, एलन मस्क के बाद दुनिया के दूसरे सबसे अमीर व्यक्ति गूगल के सह-संस्थापक लैरी पेज हैं।
लैरी पेज की कुल संपत्ति लगभग 253 अरब डॉलर बताई गई है।

वहीं तीसरे स्थान पर ओरेकल के सह-संस्थापक लैरी एलिसन हैं।
उनकी कुल संपत्ति करीब 235 अरब डॉलर आंकी गई है।