107 साल में ऐसा पहली बार! देखिए मॉनसून ने आज मुंबई को कैसे कर दिया लाचार

मई में मानसून की दस्तक, मुंबई में 107 साल पुराना रिकॉर्ड टूटा – बारिश बनी शहर के लिए आफ़त

मुंबई:सोमवार को मुंबई की सुबह पानी-पानी हो गई। ऐसा नज़ारा जिसे देखने की आदत आमतौर पर जून में होती है, वो इस बार मई में ही देखने को मिला। महाराष्ट्र में मॉनसून समय से 16 दिन पहले ही दस्तक दे चुका है, और इसके साथ ही मुंबई ने बीते 107 सालों का बारिश का रिकॉर्ड तोड़ दिया।

भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 26 मई को मुंबई के लिए रेड अलर्ट जारी कर दिया, और शहर में कई इलाकों में 200 मिमी से ज्यादा बारिश रिकॉर्ड की गई। कोलाबा वेधशाला ने तो 295 मिमी बारिश दर्ज की – जो कि अब तक की मई में सबसे ज्यादा बारिश है। इससे पहले ये रिकॉर्ड 1918 में बना था, जब 279.4 मिमी बारिश दर्ज हुई थी।

जलभराव और जाम ने रोकी ‘मुंबई की रफ्तार’

दौड़ती-भागती मुंबई को इस बारिश ने थाम दिया। दादर, परेल, किंग्स सर्कल जैसे निचले इलाके तालाब में बदल गए। लोकल ट्रेनों की रफ्तार कम हो गई, कुछ जगहों पर लोग स्टेशनों पर ही फंसे रह गए। सेंट्रल रेलवे की सेवाओं पर खासा असर पड़ा, हालांकि वेस्टर्न लाइन पर हालात थोड़े बेहतर रहे।

बदलते अलर्ट और बढ़ती चिंता

सुबह IMD ने ऑरेंज अलर्ट जारी किया था, लेकिन कुछ ही घंटों में हालात बिगड़े और अलर्ट को रेड में तब्दील करना पड़ा। दोपहर 12:38 बजे मुंबई, ठाणे और रायगढ़ में अत्यधिक भारी बारिश की चेतावनी जारी कर दी गई।

बारिश बनी रिकॉर्ड ब्रेकर

मुंबई में ऐसा पहली बार हुआ है कि मॉनसून 26 मई को ही पहुंच गया हो – जो कि सामान्य 11 जून की अपेक्षा 16 दिन पहले है। 2001 से 2025 के बीच यह सबसे जल्दी आया मॉनसून है।

इस असामान्य और भारी बारिश ने जहां एक ओर मौसम वैज्ञानिकों को चौंका दिया, वहीं आम जनता को भी मुश्किल में डाल दिया। अब सवाल ये है कि अगर ये बस शुरुआत है, तो आगे क्या होगा?