वियतनाम में विनाशकारी बाढ़ 67,700 से अधिक घर जलमग्न

वियतनाम के सेंट्रल क्षेत्रों में भारी बारिश और भीषण बाढ़ ने भारी तबाही मचाई है। न्यूज एजेंसी सिन्हुआ ने वियतनाम डिज़ास्टर एंड डाइक मैनेजमेंट अथॉरिटी के हवाले से बताया कि मरने वालों की संख्या बढ़कर 43 हो गई है, जबकि 9 लोग अभी भी लापता हैं। अधिकारियों ने शुक्रवार को स्थिति की गंभीरता को लेकर चेतावनी जारी की है।

अथॉरिटी के अनुसार, बाढ़ से 67,700 से अधिक घर जलमग्न हो गए हैं, जबकि 168 संरचनाओं को नुकसान पहुँचा है। इसके अलावा 13,000 हेक्टेयर से अधिक चावल व अन्य फसलें और 88 हेक्टेयर मछली पालन फार्म पूरी तरह डूब गए। वहीं 30,700 से अधिक पशु व मुर्गियां बह गईं या मर गईं।

सिन्हुआ की रिपोर्ट के मुताबिक, इस विनाशकारी बाढ़ के कारण आर्थिक नुकसान का अनुमान लगभग 3 ट्रिलियन वियतनामी डोंग (करीब 120 मिलियन अमेरिकी डॉलर) लगाया गया है।

यातायात सेवाएं भी बुरी तरह प्रभावित हुई हैं। वियतनाम रेलवे कॉर्पोरेशन को हाल ही में 14 पैसेंजर ट्रेनों का संचालन रोकना पड़ा। बिजली कटौती के कारण 10 लाख से अधिक लोग प्रभावित हुए हैं।

खान होआ प्रांत सबसे ज्यादा प्रभावित क्षेत्रों में शामिल है, जहां 9,000 से अधिक घर पानी में डूब गए। पहाड़ी क्षेत्रों में बड़े पैमाने पर लैंडस्लाइड हुई, जिससे कई मार्ग अवरुद्ध हो गए। राहत एजेंसियों ने अब तक 6,500 से अधिक लोगों को रेस्क्यू कर सुरक्षित स्थानों पर भेजा है।

खान होआ में लैंडस्लाइड के कारण 7 लोगों की मौत, जबकि दो लोग लापता बताए जा रहे हैं। डा नांग शहर में भी लैंडस्लाइड के बाद 3 लोग लापता हैं।

क्वांग ट्राई प्रांत और ह्यू शहर में बाढ़ का असर गंभीर है। यहां 13,759 घर डूब गए और 7,000 हेक्टेयर चावल की फसल बर्बाद हो गई। बाढ़ में 357 पशु और 4,900 मुर्गियां नष्ट हो गईं। कई प्रांतों—क्वांग ट्राई, ह्यू, क्वांग न्गाई और लाम डोंग—में ट्रांसपोर्ट नेटवर्क ठप रहा।

अधिकारियों का कहना है कि हालात अब भी चुनौतीपूर्ण हैं और बचाव कार्य लगातार जारी है।