Major-Incident-Averted-in-Kerala

केरल हादसा: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के हेलीकॉप्टर की लैंडिंग के दौरान हेलीपैड धंसा

केरल: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के चार दिवसीय केरल दौरे के दौरान एक बड़ा हादसा टल गया। बुधवार को सबरीमाला मंदिर दर्शन के लिए पहुंची राष्ट्रपति मुर्मू के हेलीकॉप्टर की लैंडिंग के दौरान एक अप्रत्याशित घटना सामने आई। पथानमथिट्टा जिले के प्रमदम स्थित राजीव गांधी इंडोर स्टेडियम में हेलीपैड अचानक धंस गया।

जानकारी के अनुसार, राष्ट्रपति का हेलीकॉप्टर पहले निलक्कल में उतरना था, लेकिन खराब मौसम और बारिश के कारण लैंडिंग स्थल को प्रमदम स्टेडियम में स्थानांतरित किया गया। यहां हेलीपैड पर जल्दबाजी में नया कंक्रीट डाला गया था, जो पूरी तरह सूख नहीं पाया था।

जैसे ही राष्ट्रपति का हेलीकॉप्टर जमीन पर उतरा, उसके पहिए गीले कंक्रीट में धंस गए। हालांकि, मौके पर मौजूद पुलिस, फायर एंड रेस्क्यू सर्विसेज और सुरक्षा अधिकारियों ने तुरंत एक्शन लेकर स्थिति को नियंत्रित किया। राहत की बात यह रही कि राष्ट्रपति मुर्मू, पायलट और सभी सुरक्षाकर्मी पूरी तरह सुरक्षित रहे।

इसके बाद राष्ट्रपति मुर्मू अपने तय कार्यक्रम के अनुसार सबरीमाला मंदिर रवाना हो गईं।

राष्ट्रपति का यह चार दिवसीय केरल दौरा 21 अक्टूबर से 24 अक्टूबर तक जारी रहेगा।

22 अक्टूबर: सबरीमाला मंदिर में दर्शन और आरती।

23 अक्टूबर: तिरुवनंतपुरम में पूर्व राष्ट्रपति के.आर. नारायणन की प्रतिमा का अनावरण और वर्खला के शिवगिरी मठ में श्री नारायण गुरु महासमाधि शताब्दी समारोह का उद्घाटन।

इसके बाद सेंट थॉमस कॉलेज, पलई के 75वें वर्षगांठ समारोह में शामिल होंगी।

24 अक्टूबर: राष्ट्रपति सेंट टेरेसा कॉलेज, एर्नाकुलम के शताब्दी समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में भाग लेंगी।