ईटानगर: आज, 2 जून को, अरुणाचल प्रदेश और सिक्किम में हुए विधानसभा चुनावों की काउंटिंग हो रही है। अरुणाचल प्रदेश में भाजपा भारी जीत की ओर बढ़ रही है। यहाँ 19 अप्रैल को 60 विधानसभा सीटों पर वोटिंग हुई थी, लेकिन आज केवल 50 सीटों पर ही काउंटिंग हो रही है क्योंकि भाजपा पहले ही 10 सीटें निर्विरोध जीत चुकी है।
भाजपा ने अरुणाचल प्रदेश की सभी 60 सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारे थे, जबकि कांग्रेस ने केवल 34 सीटों पर ही प्रत्याशी खड़े किए थे।
अरुणाचल में भाजपा को मिल रही बहुमत से पार्टी नेताओं और समर्थकों में उत्साह का माहौल है। इटानगर स्थित भाजपा कार्यालय में जश्न शुरू हो गया है। मुख्यमंत्री पेमा खांडू ने भी पार्टी की सफलता पर नेताओं को शुभकामनाएं दी हैं। अब तक, भाजपा ने 17 सीटें जीत ली हैं और 29 सीटों पर आगे चल रही है। नेशनल पीपुल्स पार्टी 6 सीटों पर आगे चल रही है। बहुमत के लिए 31 सीटें जरूरी हैं।
भाजपा के हेयेंग मंगफी ने चायंगताजो सीट पर जीत हासिल की, जहाँ उन्होंने कांग्रेस के कोम्पू डोलो को 6,685 मतों से हराया। अरुणाचल प्रदेश में भाजपा की सत्ता में वापसी की तैयारी से पार्टी कार्यालय में जश्न का माहौल है।
सिक्किम में भी काउंटिंग जारी है और चुनावी परिणाम जल्द ही घोषित होने की उम्मीद है।